शैलेन्द्र प्रताप सिंह
अमेठी। नगर के व्यस्त बस अड्डा क्षेत्र में सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से खड़ी की जा रही दोपहिया गाड़ियां लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस अड्डे के आसपास दिनभर सड़क के किनारे बाइकें खड़ी रहती हैं, जबकि कई वाहन सीधे सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों के अनुसार कई लोग अपनी गाड़ियां दूसरी दुकानों के सामने खड़ी कर बाजार में खरीदारी करने चले जाते हैं। इससे दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वाहन हटाने का अनुरोध करने पर कुछ लोग उल्टा बहस करने लगते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बस अड्डा क्षेत्र में पहले से ही वाहनों का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में सड़क पर खड़े वाहनों के कारण अक्सर जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों, यात्रियों और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई कर बस अड्डा क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
