Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला! ग्राम प्रधान ने की कठोर कार्रवाई की मांग


अमेठी। ग्राम पंचायत गुंगवाच की ग्राम प्रधान आशा तिवारी ने ग्राम सभा की बहुमूल्य भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर ग्राम सभा की भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग उठाई है। ग्राम प्रधान द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत गुंगवाच निवासी कुछ लोगों द्वारा वर्षों से ग्राम सभा की लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर खेती-बाड़ी एवं निजी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे ग्राम पंचायत की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है तथा ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। प्रार्थना पत्र में गाटा संख्या 1350, 920, 1487 एवं 990 का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि गाटा संख्या 990 में लगभग 15 एयर भूमि का आवासीय पट्टा स्वीकृत है, लेकिन आरोपित व्यक्तियों द्वारा पट्टे की सीमा से बाहर अतिरिक्त ग्राम सभा भूमि पर बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा कर लिया गया है। ग्राम प्रधान का कहना है कि उक्त भूमि की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा सकती है और उस पर खेती भी की जा रही है। ग्राम प्रधान ने अपने पत्र में सर्वोच्च न्यायालय के जगपाल सिंह बनाम पंजाब राज्य एवं अन्य (2011) के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि ग्राम सभा एवं सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के विभिन्न आदेशों का भी उल्लेख करते हुए ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में प्रशासन से राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय जांच एवं पैमाइश कराने, अवैध कब्जा हटवाने, संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत कार्रवाई करने तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ग्राम प्रधान ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ग्राम सभा की अन्य भूमि पर भी अवैध कब्जों की संभावना बढ़ सकती है, जिससे ग्राम पंचायत के अधिकारों एवं शासन की मंशा को गंभीर क्षति पहुंचेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |