अमेठीः आईजीएससीओएन में महिला जनसुनवाई एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित! डॉ. प्रियंका मौर्य बोलीं- सशक्त समाज के लिए महिलाओं का जागरूक होना जरूरी
June 17, 2026
अमेठी। इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मुंशीगंज में मंगलवार को महिला जनसुनवाई एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य मुख्य अतिथि रहीं। महिला थाना गौरीगंज की एसएचओ इंस्पेक्टर दीपशिखा सिंह की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए मंच उपलब्ध कराना था। मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका मौर्य ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और कहा कि सशक्त समाज के लिए महिलाओं का जागरूक होना जरूरी है। एसएचओ दीपशिखा सिंह ने महिला सुरक्षा, कानूनी संरक्षण और शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाएं बिना डरे अपनी समस्या पुलिस तक पहुंचाएं।इस अवसर पर इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज एंड नर्सिंग के प्राचार्य डॉ रमेश यस, उप-प्राचार्य डॉ गोमती एम , संकाय सदस्य, छात्र-छात्राओं के साथ क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं और उचित मार्गदर्शन प्राप्त किया। आयोजन ने महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ रमेश ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया तो धन्यवाद ज्ञापित उप्राचार्य डॉक्टर गोमती एम ने किया।
