दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुआ मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग
June 11, 2026
मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को एसटीएफ ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। गैंगस्टर वेंकेटेश गर्ग के ऊपर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब एवं चंडीगढ़ में 12 से अधिक हत्या, लूट, फिरौती के मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग जार्जिया में रहकर अपना गैंग चला रहा था। प्रत्यर्पण कराकर उसे गुरुवार सुबह भारत लाया गया। वेंकटेश गर्ग के ऊपर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह एसटीएफ की मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल था।
गुरुग्राम में बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा की हत्या में भी वेंकटेश गर्ग नाम सामने आया था। हत्या के बाद ही वह जॉर्जिया भाग गया था। वहां से कपिल सांगवान गैंग के लिए काम कर रहा था। वेंकटेश वहां से बैठकर सोशल मीडिया के जरिए शूटरों की भर्ती कर एक्सटॉर्शन रैकेट चला रहा था। नवंबर 2025 में उसे भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर जॉर्जिया में पकड़ा गया था। वेंकटेश हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ का रहने वाला है।
बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा राधे फार्म नाम का बैंक्वेट हॉल चलाते थे। वह राजू माजरा गांव में वो खेती भी करते थे। उन्हों ने 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली थी। इसके बाद 24 जनवरी 2025 को शाम के समय बदमाशों ने नारायणगढ़ में उन्हें गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई।
रज्जूमाजरा अपने दो दोस्त-पुनीत और जुगल के साथ कार में जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर हमला किया था। हमले में पुनीत नामके व्यक्ति को भी गोली लगी और रज्जूमाजरा की मौत हो गई थी। इसके दो दिन बाद पुलिस ने सागर नाम के बदमाश का मुलाना में एनकाउंटर किया था। हालांकि, वेंकटेश फरार हो गया था और भागकर जॉर्जिया गया था। इसके बाद उसने वहीं से वसूली गिरोह चलाना शुरू कर दिया था।
नवंबर 2025 में गिरफ्तारी के बाद वेंकटेश के प्रत्यार्पण की कार्रवाई शुरू हुई। भारतीय एजेंसियों ने उसे जॉर्जिया से भारत लाने के लिए औपचारिक कार्रवाई की। अब एसटीएफ की टीम उसे दिल्ली लेकर आई और एयरपोर्ट में ही गिरफ्तार कर लिया। उसे गुरुवार को ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। उम्मीद है कि कोर्ट कई दिनों की पुलिस कस्टडी देगी। इस दौरान जांच पूरी कर आरोप तय किए जाएंगे और सबूत जुटाए जाएंगे।
