•पिता के घर की चाबियां प्रेमी को देकर बेटी ने कराई सनसनीखेज डकैती
•कारोबारी की बेटी समेत 5 गिरफ्तार, 47 लाख से ज्यादा नकदी और अवैध हथियार बरामद
सनेश ठाकुर
मुरादाबाद (विधान केसरी)।मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती की घटना का पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा कर दिया। नागफनी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कारोबारी की बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 47 लाख 24 हजार रुपये की नकदी, अवैध हथियार, कारतूस, दो कारें और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटना के खुलासे को लेकर आज पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी सतपाल अंतिल ने प्रेसवार्ता की।
एसएसपी ने मीडिया को बताया कि 11 मई 2026 की रात थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कम्पाउंड निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर नगदी और जेवरात लूट लिए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। कारोबारी की तहरीर पर थाना नागफनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 14 मई को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना मे ये गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें अमरोहा निवासी अरशद वारसी, रवि कुमार और निक्की के अलावा मुरादाबाद निवासी कुलदीप तथा कारोबारी की बेटी अरीबा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक अरीबा का मुख्य आरोपी अरशद वारसी से पिछले 8-9 वर्षों से प्रेम संबंध था।
बेटी ने ही दी थी घर की पूरी जानकारी
पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी की बेटी अरीबा ने ही आरोपियों को घर में रखी नकदी, परिवार की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार अरीबा ने घटना से करीब एक महीने पहले घर की चाबियां भी अरशद को दे दी थीं और वारदात वाली रात मुख्य गेट खोलने का भरोसा दिया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी अरशद वारसी ने बताया कि अलग जाति होने के कारण इमरान अपनी बेटी की शादी उससे नहीं करना चाहते थे। इसी बीच अरीबा ने उसे बताया कि उसके पिता के घर में हमेशा बड़ी मात्रा में नकदी रहती है। इसके बाद दोनों ने डकैती की योजना बनाई। अरशद ने अपने साथियों कुलदीप, रवि और निक्की को योजना में शामिल किया। बाद में निक्की ने अपने दोस्त आदित्य, बिट्टू और अन्य लोगों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया।
ये सामान हुआ बरामद, धाराएं बढ़ाई
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 47.24 लाख रुपये नकद, दो हुंडई एक्सेंट कारें, एक आईफोन समेत पांच मोबाइल फोन, तीन अवैध तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 32 बोर और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कई टीमों ने मिलकर किया खुलासा
डकैती के खुलासे में थाना नागफनी पुलिस, सिविल लाइंस पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीमों की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया है।
