अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान ने बताया कि जनपद में नवनिर्मित सड़क मार्गों के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं के संबंध में मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़क मार्ग निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करने हेतु मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गई है। समिति द्वारा प्रकरण के सभी तथ्यों एवं तकनीकी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। जिलाधिकारी ने आगे बताया कि जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित ठेकेदार के किसी भी बकाया भुगतान का निस्तारण न किए जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जांच समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों अथवा संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सड़क मार्गों के निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर जिलाधिकारी सख्त, जांच पूरी होने तक भुगतान पर रोक
