लखनऊ। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम लखनऊ मुख्यालय स्थित झंडी पार्क में भव्य सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं महापौर सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प दिलाया।
ष्योग फॉर हेल्दी एजिंगष् थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन सुना। इसके बाद आयुष विभाग के प्रशिक्षकों की देखरेख में सभी ने प्राणायाम और योगासन किए।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यूपी में आयुष परंपरा को बढ़ावा मिल रहा है। इस मौके पर विधायक श्रीमती ओममणि वर्मा, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित नगर निगम के कई अधिकारी, पार्षद और भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
