पीलीभीत। सुनगढ़ी कोतवाली क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म की घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बृहस्पतिवार को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गौहनिया चैराहे पर एकत्र हुए और धरना-प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मासूम बालिका के साथ हुई हैवानियत ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोपी मोहम्मद उमर को फांसी की सजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में कठोर दंड ही अपराधियों में भय पैदा कर सकता है। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन लोगों में घटना को लेकर रोष साफ दिखाई दिया।
