Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः शिक्षकों के संवाद से विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी नई दिशा


प्रतापगढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तुलसी सदन (हादीहाल) प्रतापगढ़ में माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के साथ विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है ।

कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।

जिलाध्यक्ष श्री आशीष श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शिक्षकों से समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

संवाद कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के साथ विभिन्न समसामयिक विषयों, शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी अपने विचार व सुझाव को रखा ।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समापन शिक्षकों और अधिकारियों के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुआ। उपस्थित जनों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु शिक्षा के माध्यम से जनजागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |