दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश
June 16, 2026
दिल्ली एनसीआर में मंगलवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। तेज आंधी-तूफान के चलते सड़क किनारे छोटे-छोटे पेड़ गिर गए। दिल्ली के सीपी, मंडी हाउ, द्वारका और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर लंबा जाम लग गया। लोगों को ऑफिस जाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के साथ ही नोएडा और गाजियाबाद में भी भारी बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। उमसभरी गर्मी हो रही थी। मौसम में हुए बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी हो रही थी। दिन के समय तेज धूप निकल रही थी। पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच रहा था। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए पहले ही आंधी और बारिश का अनुमान जताया था।
वहीं, हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की नम हवाओं के असर के कारण सोमवार को उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के एक बड़े हिस्से में सोमवार को धूलभरी आंधी चली थी। दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार को तेज आंधी के साथ हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से खासी राहत दी थी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है, हालांकि इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी। हवा में नमी होने के कारण फिलहाल तापमान में भारी बढ़ोतरी की आशंका नहीं है, जिसके बाद पारा फिर चढ़ना शुरू होगा।
