लखनऊ। राजधानी के बक्शी का तालाब क्षेत्र अंतर्गत चंद्रिका देवी रोड के ठीक ऊपर किसान पथ पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह लगभग 9रू06 बजे नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि किसान पथ पर दो ट्रकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई है और एक व्यक्ति ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ है।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर स्टेशन बक्शी का तालाब से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दमकल वाहन संख्या 3034 और फायर स्टेशन हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर अग्निशमन दल ने देखा कि किसान पथ पर पहले से खड़ी एक ट्रक में पीछे से आ रही दूसरी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाली ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने बिना वक्त गंवाए मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल के विशेष उपकरणोंकृहाइड्रोलिक स्प्रेडर और रैम जैककृका इस्तेमाल किया। कड़े प्रयास के बाद केबिन के मलबे को फैलाकर फंसे हुए व्यक्ति को सकुशल और सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू किए गए घायल व्यक्ति की पहचान जितेंद्र कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो जनपद प्रयागराज के रहने वाले हैं। उन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए पास के सौ शैय्या अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
.jpg)