पीलीभीत। आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, यातायात व्यवस्था तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगाह रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा केंद्रों पर आने वाले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, पहचान पत्रों का सत्यापन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया का पालन कराया गया। वहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा अवांछनीय गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सतर्क रहने को कहा।
जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी के बीच भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होती रही। अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों ने भी प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की सराहना की।
