हैदराबाद में ट्रंप के नाम कर दी ये सड़क, खुशी से लहालोट हुए अमेरिकी राष्ट्रपति, हो गए भारत के मुरीद
June 27, 2026
भारत-अमेरिका के संबंधों में उतार चढ़ाव के बीच तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर एक सड़क का नाम रखा गया है. अपने नाम पर सड़क बनाए जाने को ट्रंप ने अनोखा पल बताया है और इसके लिए लिए भारत का आभार जताया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर उद्घाटन समारोह की तस्वीर शेयर करते हुए इसे अभूतपूर्व सम्मान बताया है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि हैदराबाद में बना डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू इतिहास में किसी अमेरिकी नेता को भारत में मिला ऐसा पहला गौरव है. 24 जून (बुधवार) को तेलंगाना की रेवंत रेड्डी सरकार ने हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर एक सड़क का औपचारिक उद्घाटन किया. इस उद्घाटन समारोह में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी शामिल हुए थे.
बता दें कि ट्रंप के नाम पर बना ये एवेन्यू हैदराबाद के नानकरामगुडा में स्थित है और ये सड़क अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से सटी हुई है. इस इलाके में कईं अंतर्राष्ट्रीय टेक्नोलॉजी कंपनियों की मौजूदगी है. इनमें माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं. अमेरिका के अधिकारियों ने इस घटना को हैदराबाद और अमेरिका के बीच संबंधों में एक प्रतीकात्मक मान्यता बताया है.
तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क और अमेरिकी दूत सर्जियो गोर ने बुधवार को इस सड़क का डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर औपचारिक रूप से उद्घाटन किया था. ट्रंप ने इस उद्घाटन पर खुशी जताते हुए कहा कि पहले किसी अमेरिकी राष्ट्रपति को इस तरह से सम्मानित नहीं किया गया.
बता दें कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिसंबर 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर सड़क का नामकरण करने का प्रस्ताव रखा था. अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से सटी इस सड़क को पहले यूएस कॉन्सुलेट रोड के नाम से जाना जाता था. ऐसे में नाम बदलने का उद्देश्य हैदराबाद की बढ़ती अंतर्राष्ट्रीय पहचान और भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में शहर की भूमिका को मजबूत करना है.
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने उद्घाटन समारोह में कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होती साझेदारी का हैदराबाद एक और मजबूत उदाहरण है, जो द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में शहर की बढ़ती भूमिका को उजागर करता है.
