प्रतापगढ़। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बुधवार को विकास खंड शिवगढ़ कार्यालय का जिला विकास अधिकारी के साथ औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत ग्राम पंचायत सिंगाही में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य का स्थलीय सत्यापन भी किया गया। इस दौरान वरिष्ठ तकनीकी सहायक, पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत सचिव एवं लेखपाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संबंधित पंचायत सहायक द्वारा विगत एक सप्ताह से एक भी किसान की फार्मर रजिस्ट्री नहीं की गई है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि अनवेरिफाइड सूची से किसानों का चयन कर प्रतिदिन न्यूनतम 10 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने मौके पर उपस्थित लेखपाल को राजस्व संबंधी प्रकरणों जैसे वरासत दर्ज करने, आदेशों के अनुपालन एवं अन्य लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों के सत्यापन एवं फार्मर रजिस्ट्री कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान ग्राम सिंगाही निवासी एक किसान की फार्मर रजिस्ट्री स्वयं पोर्टल पर कराए जाने का प्रयास भी किया गया। इस क्रम में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत सचिव एवं लेखपाल को निर्देशित किया गया कि किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्रातःकाल अथवा सायंकाल के समय कराया जाए, जिससे पोर्टल पर तकनीकी समस्याओं की संभावना कम रहे और कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों, पंचायत सहायकों, लेखपालों एवं संबंधित विभागीय कर्मियों को निर्देशित किया है कि अनवेरिफाइड सूची में शामिल अवशेष किसानों की शीघ्र पहचान कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि शासन की मंशानुसार किसानों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।
.jpg)