बीसलपुर। दियोरिया कला थाना क्षेत्र के गांव सोंधा गौंटिया की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी फकीरे लाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि छह वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री गायत्री का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से सोंधा गौंटिया निवासी युवक के साथ किया था। विवाह के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था।
आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा और मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद ने मिलकर विवाहिता के साथ मारपीट की तथा उसके आभूषण, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड और बीसी सखी के कार्य हेतु जारी डिवाइस भी छीन ली। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpg)