बीसलपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स को यूपी 25 एनसीसी बटालियन शाहजहांपुर द्वारा आयोजित 15 जून से 24 जून 2026 तक चलने वाले प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग करने हेतु उत्साहपूर्वक रवाना किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह में कैडेट्स का तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान, चेयरमैन प्रतिनिधि अमन जायसवाल तथा बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अर्चना चैहान ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।प्रधानाचार्य डॉ. चैहान ने बताया कि शिविर के दौरान कैडेट्स को कैंप ड्रिल, फायरिंग, हथियार संचालन, शारीरिक प्रशिक्षण, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक गतिविधियां तथा सामाजिक जागरूकता विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। अमन जायसवाल ने विद्यार्थियों को समयपालन और समर्पण की भावना के साथ प्रशिक्षण ग्रहण करने का संदेश दिया।
प्रधानाचार्या अर्चना चैहान ने कहा कि शिविर से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा उन्हें विद्यालय, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा देंगे। इस दौरान शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
