पीलीभीत। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में सोमवार को ललित हरि राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, के एकेडमिक ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर योग के महत्व, स्वास्थ्य लाभ एवं आध्यात्मिक पक्ष पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप सहाय बेदार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। वहीं, डॉ. अजय पाल ने योग एवं आध्यात्मिकता के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन का भी प्रभावी माध्यम है।
मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग स्वास्थ्य संरक्षण का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि सामान्य व्यायाम की अपेक्षा योग शरीर, मन और आत्मा को एक साथ स्वस्थ रखने का कार्य करता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योग अभ्यास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, योग प्रशिक्षक, योग सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. भारत ज्योति ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग सप्ताह के सफल आयोजन की कामना की तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। योग दिवस के उपलक्ष्य में आगामी दिनों में विभिन्न योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
