अमेठीः थाना समाधान दिवस में अवैध कब्जे की शिकायत, कार्रवाई न होने का आरोप
June 27, 2026
अमेठी। कोतवाली में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज मिश्रा, मनोज मिश्रा तथा सुधीर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से की। थाना समाधान दिवस के दौरान गोपालपुर, मौजा महमूदपुर निवासी बसंत लाल ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की। बसंत लाल का आरोप है कि उनकी चक आउट संख्या 1483 की जमीन पर विकास, सुनील और राम प्यारे ने जबरन कब्जा कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह कई बार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। बसंत लाल के अनुसार, शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में भी उन्होंने इसी मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उनके भाई छेदीलाल और भतीजे हरिकेश को एकतरफा कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया और सुबह से थाने में बैठाए रखा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित कब्जाधारकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बसंत लाल ने कहा कि वह लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी शिकायतों पर प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर उचित न्याय दिलाने की मांग की है।
