अमेठीः एआरटीओ कार्यालय में फायर सेफ्टी व्यवस्था फेल, वर्षों से खराब पड़े अग्निशमन उपकरण
June 27, 2026
अमेठी। हाल ही में लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई जा रही है। इसके बावजूद अमेठी स्थित एआरटीओ कार्यालय में आग से बचाव के इंतजाम पूरी तरह लचर नजर आ रहे हैं। कार्यालय में लगे अग्निशमन उपकरण वर्षों से खराब पड़े हैं और उनकी मरम्मत नहीं कराई गई है।कार्यालय में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर, होज पाइप और अन्य सुरक्षा उपकरण केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। ऐसे में यदि किसी प्रकार की आगजनी की घटना होती है तो उस पर समय रहते काबू पाना मुश्किल हो सकता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, फिटनेस और अन्य कार्यों के लिए एआरटीओ कार्यालय पहुंचते हैं, जिससे कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।कार्यालय के बाबू जयप्रकाश ने बताया कि फायर सेफ्टी सिस्टम के रखरखाव की जिम्मेदारी दिल्ली की एक कंपनी को दी गई है। कंपनी को पांच बार पत्र भेजकर उपकरणों की मरम्मत कराने का अनुरोध किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभाग एक बार फिर रिमाइंडर भेजने की तैयारी कर रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द फायर सेफ्टी उपकरणों को दुरुस्त कराना चाहिए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
