अमेठीः कोचिंग संस्थानों व लाइब्रेरी में हुई सघन चेकिंग, व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
June 23, 2026
अमेठी। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में व अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद के कोचिंग संस्थानों व लाइब्रेरियों में सुरक्षा मानक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमेठी पुलिस द्वारा अभियान चलाया गया । इस दौरान क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र एवं जनपद के विभिन्न थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत आने वाले विभिन्न कोचिंग संस्थानों व लाइब्रेरियों की सघन चेकिंग की गई । चेकिंग अभियान के तहत पुलिस टीम द्वारा कोचिंग संस्थानों के कानूनी दस्तावेज व पंजीकरण के कागजों का निरीक्षण किया गया, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता को देखा गया, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संस्थानों में आग बुझाने वाले यंत्र और आपातकालीन निकास आदि की व्यवस्था की जांच की गई । चेकिंग के दौरान कोचिंग व लाइब्रेरी संचालकों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन करें । मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी पाए जाने पर संबंधित संस्थान के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी । पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना पंजीकरण संचालित होने वाले संस्थानों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के अभियान चलाकर कोचिंग संस्थानों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
