Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः डीएम की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न


अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में कल कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय समन्वय एवं सहयोग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में स्थापित शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, रखरखाव एवं उनके प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालय परिसरों में पर्याप्त स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जर्जर भवनों के संबंध में वर्षा ऋतु प्रारम्भ होने से पूर्व आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने हेतु विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा इसकी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्तर पर समीक्षा हेतु प्रस्तुत की जाएगी। इसके उपरांत बैठक में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालयों सहित अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। कार्यदायी संस्थाओं के साथ-साथ समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने हेतु निर्देशित किया। जिला समन्वयक (निर्माण) को निर्देश दिया गया कि निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर आख्या तत्काल उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने बालिकाओं की सुरक्षा एवं संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा पात्र विद्यार्थियों को डीबीटी योजना का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय निरीक्षण के समय विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर, शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के उपयोग, विद्यालयीय व्यवस्थाओं तथा मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता का भी विशेष रूप से निरीक्षण किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी पन्नालाल, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |