लखनऊः महिगवां थाना क्षेत्र सरसवां में बिजली चोरी को लेकर चचेरे भाइयों में मारपीट! लड़ाई में गोली चलने की सूचना झूठी, घटना से इकट्ठा हुए ग्रामीण
June 16, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के महिंगवा थाना क्षेत्र के सरसवां गांव में बिजली चोरी के लिए कटिया डालने को लेकर चचेरे भाइयों के बीच विवाद हो गया। इस कहासुनी ने जल्द ही मारपीट का रूप ले लिया। घटना के दौरान गोली चलने की अफवाह फैलने से गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। वहीं ग्रामीणों की सूचना पर महिंगवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। बताया गया कि यह विवाद चचेरे भाई अमरेश यादव और हरिपाल यादव के बीच बिजली की कटिया लगाने को लेकर शुरू हुआ था। मारपीट के बाद एक पक्ष ने दूसरे पर गोली चलाने का गंभीर आरोप लगाया, सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस को गोली चलने की कोई पुष्टि नहीं मिली और अफवाह झूठी निकली। महिंगवा थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्या ने बताया कि बिजली की कटिया लगाने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। अमरेश यादव की ओर से गोली चलने की सूचना दी गई थी, लेकिन जांच में यह सूचना असत्य पाई गई। महिगवां थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जायेगी।
.jpg)