अमौसी जोन के कलेक्शन अनुभाग में चार माह का कार्यकाल रहा निराशाजनक, अनुभव कुमार को मिली जिम्मेदारी
लखनऊ। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के लेसा अमौसी जोन में कलेक्शन अनुभाग के अधिशासी अभियंता जय सिंह का प्रशासनिक आधार पर बरेली स्थानांतरण कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, करीब चार माह के कार्यकाल में वह न तो विभागीय व्यवस्था को अपेक्षित गति दे सके और न ही उपभोक्ताओं के बीच अपनी प्रभावी कार्यशैली स्थापित कर पाए।
सूत्रों का कहना है कि वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के बाद कलेक्शन अनुभाग में पहली नियुक्ति अधिशासी अभियंता नीरज कुमार की हुई थी। उन्होंने नई व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा उपभोक्ता एवं विभागीय हित में कार्य करने का प्रयास किया। फरवरी माह में उनकी जगह तैनात किए गए जय सिंह बदली हुई कार्यप्रणाली के अनुरूप स्वयं को ढालने में सफल नहीं हो सके।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, उपभोक्ताओं की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में कमी, शिकायतों का समुचित अभिलेखीकरण न होना, प्रभावी पर्यवेक्षण का अभाव, निर्धारित राजस्व वसूली के लक्ष्य पूरे न कर पाना तथा विभागीय कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने जैसी शिकायतें लगातार शीर्ष प्रबंधन तक पहुंच रही थीं। यही कारण रहा कि प्रबंधन उनकी कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं था।
बताया जाता है कि पिछले लगभग दो माह से कलेक्शन अनुभाग के कई कार्य अन्य अनुभागों में विभाजित कर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अंततः विभाग ने उनका स्थानांतरण कर दिया। हालांकि विभागीय आदेश में इसे प्रशासनिक आधार पर किया गया तबादला बताया गया है।
बहराइच जनपद के नानपारा खंड में तैनात अनुभव कुमार को अमौसी जोन के कलेक्शन अनुभाग का नया अधिशासी अभियंता नियुक्त किया गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नई तैनाती के बाद कलेक्शन व्यवस्था और उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण में कितना सुधार देखने को मिलता है।
