शैलेन्द्र प्रताप सिंह
अमेठी। जनपद के चतुर्भुजपुर मोचवा गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पर ग्रामींणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, एसडीएम के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गांव में नवीन परती की बेशकीमती सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने वर्षों से उक्त भूमि पर छप्पर आदि रखकर अवैध कब्जा कर रखा था।कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और टीम तथा ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
