शुकुलबाजार: गोमती नदी में नहाते समय किशोर डूबा, एसडीआरएफ ने शुरू किया तलाश अभियान
June 03, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के पूरे तेतारपुर गांव निवासी 15 वर्षीय मनीष मंगलवार की शाम गोमती नदी में नहाते समय पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने देर रात तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।जानकारी के अनुसार तेतारपुर गांव निवासी मनीष मंगलवार की शाम लगभग चार बजे अपने चार साथियों के साथ गोमती नदी के सत्थिन घाट पर नहाने गया था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी की गहराई में पहुंच गया। साथ मौजूद अन्य साथी उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद साथियों ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में गोमती नदी के तट पर पहुंच गए तथा स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अमेठी और अयोध्या जनपद की पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे किशोर की तलाश शुरू कराई। रातभर चले अभियान के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली।बुधवार की सुबह अयोध्या से पहुंची एसडीआरएफ टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद सत्थिन घाट पुल से लगभग 500 मीटर दूर गोमती नदी में किशोर का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
