शुकुलबाजार: बिजली विभाग के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन! समस्याओं के समाधान की उठाई मांग, सौंपा ज्ञापन
June 03, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं और किसानों के कथित उत्पीड़न को लेकर भारतीय किसान क्रांति संगठन के बैनर तले किसानों ने मंगलवार को श्गरीब न्याय पदयात्राश् निकालकर विरोध जताया। पदयात्रा का नेतृत्व संगठन के युवा जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने किया।पदयात्रा कुटी ब्रह्मचारी गांव से शुरू होकर बबुरी और महोना पश्चिम होते हुए विद्युत उपकेंद्र महोना पहुंची। इस दौरान किसानों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में अधिकारियों को संबोधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।सभा को संबोधित करते हुए राजेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हुए बिजली खंभों की मरम्मत के नाम पर कुछ कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों से अवैध धन उगाही की जा रही है। उनका कहना था कि बिना पैसे दिए लोगों के कार्य नहीं किए जाते, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।महिला नेता बर्मा देवी ने कहा कि कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना उचित कारण काट दिए जाते हैं और दोबारा जोड़ने के लिए अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताई। किसान नेताओं ने कहा कि धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए इस समय निर्बाध बिजली आपूर्ति आवश्यक है, लेकिन किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
