लखनऊ। विद्यावती तृतीय वार्ड (राधे लाल पार्क, सेक्टर-एल) में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में नगर निगम द्वारा जन चैपाल का आयोजन किया गया। इसमें अपर नगर आयुक्त सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय नागरिकों ने नियमित झाड़ू न लगने और कूड़ा उठान में लापरवाही पर नाराजगी जताई। महापौर ने अधिकारियों को व्यवस्था तुरंत सुधारने के निर्देश दिए। नालियों-सीवर की सफाई और पार्कों के रखरखाव का मुद्दा उठा। आगामी मानसून को देखते हुए नागरिकों ने पंपिंग सेट बढ़ाने की मांग की, जिस पर महापौर ने बताया कि पर्याप्त पंपिंग सेट्स की व्यवस्था कर ली गई है। बंगला बाजार मोड़ पर अवैध अतिक्रमण और दुकानों के कारण लग रहे जाम की शिकायत पर महापौर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अभियान चलाकर तुरंत अतिक्रमण हटाने के आदेश दिया। महापौर ने कहा कि जन चैपाल का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका तुरंत समाधान करना है। सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।
