मोहनलालगंज/लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में शनिवार को श्री हनुमान जी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं विशाल भंडारे का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। सूर्य इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट, कार्यालय नगर पंचायत मोहनलालगंज, गोरा स्थित आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगर क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा धर्म और सेवा के इस पावन आयोजन में अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्री हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा से हुआ। संपूर्ण वातावरण वेद मंत्रों, जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया तथा भगवान श्री हनुमान जी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति एवं स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं भोजन व्यवस्था सुनिश्चित की। अनुशासित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सेवा और सद्भाव का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. अजय पाण्डेय ष्सत्यमष् (व्यापार मंडल अध्यक्ष, मोहनलालगंज, चेयरमैन प्रतिनिधि नगर पंचायत मोहनलालगंज एवं प्रदेश उपाध्यक्ष, छ।त्म्क्व् उत्तर प्रदेश) ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, आचार्यों, स्वयंसेवकों, सहयोगकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सेवा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं तथा जनसहभागिता से ही ऐसे आयोजन सफल बनते हैं।
समापन अवसर पर भगवान श्री हनुमान जी की आरती एवं मंगलकामना के साथ सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि एवं राष्ट्र की उन्नति की प्रार्थना की गई। यह आयोजन मोहनलालगंज क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और जनसेवा का एक यादगार एवं प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सम्पन्न हुआ।
