रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को आवास विकास चैकी क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि डीडी चैक, रुद्रपुर के आसपास कोचिंग के लिए आने-जाने वाली छात्राओं पर एक व्यक्ति द्वारा अशोभनीय टिप्पणियां की जा रही हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी चन्द्रभान सिंह उर्फ बबलू सिंह पुत्र शिवाजी सिंह, निवासी होली चैक, आवास विकास, रुद्रपुर को पूछताछ के लिए चैकी बुलाया।
पूछताछ के दौरान आरोपी कथित रूप से उत्तेजित हो गया और शांति व्यवस्था भंग करने पर आमादा हो गया। पुलिस द्वारा समझाने के प्रयासों के बावजूद उसके शांत न होने पर संभावित शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 125ध्126ध्135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत चालानी कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के प्रति अभद्र व्यवहार, अशोभनीय टिप्पणियां करने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
