प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने विकास खंड गौरा में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई एवं चैपाल कार्यक्रम में भाग लेकर महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, मानसिक उत्पीड़न, पेंशन एवं आवास योजनाओं का लाभ न मिलने सहित विभिन्न मामलों की शिकायतें महिला आयोग की सदस्य के समक्ष प्रस्तुत की गईं। जनसुनवाई के दौरान कुल 42 महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिन्हें महिला आयोग की सदस्य ने गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों एवं पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए महिला आयोग पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाएं समाज की आधारशिला हैं और उनका सशक्तिकरण तभी संभव है जब उन्हें न्याय, सुरक्षा और सम्मान प्राप्त हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर नियमित फॉलोअप किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं एवं जरूरतमंद लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं को डरने की आवश्यकता नहीं है। कानून उनके साथ है और महिला आयोग हर पीड़ित महिला के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी राम बाबू विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार पवन कुमार सिंह, उपायुक्त जिला उद्योग एस.एस. रावत, सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. ए.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
