Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः महिला आयोग सदस्य ने सीएचसी गौरा का किया निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल! अस्पताल में दी जा रही सुविधओं का लिया जायजा


प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) गौरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, प्रसूति सेवाओं तथा मरीजों को दी जा रही अन्य सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधीक्षक डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि सीएचसी में वर्तमान में चार चिकित्सक कार्यरत हैं तथा 30 बेड की सुविधा उपलब्ध है। प्रतिदिन लगभग 150 से 200 मरीजों का उपचार किया जाता है। अस्पताल में 238 प्रकार की आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं तथा डेंगू, मलेरिया और टीबी समेत विभिन्न बीमारियों की जांच की सुविधा भी संचालित है। उन्होंने बताया कि एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी कर्मचारी के अभाव में उसका संचालन नहीं हो पा रहा है। वहीं अल्ट्रासाउंड जांच के लिए अस्पताल को अनिकेत अल्ट्रासाउंड सेंटर से संबद्ध किया गया है, जहां मरीजों को भेजा जाता है।

महिला आयोग सदस्य ने अस्पताल के वार्डों, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केन्द्र तथा अन्य इकाइयों का निरीक्षण कर स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था, चिकित्सकों की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को सेवाओं में और अधिक संवेदनशीलता तथा तत्परता बरतने के निर्देश दिए। प्रतिभा कुशवाहा ने कहा कि मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जनहित की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान महिला आयोग सदस्य ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को पोषण वाटिका भेंट कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा सहित अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |