अमेठीः बिजली कटौती से नाराज आप कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
June 05, 2026
अमेठी। प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विद्युत वितरण मंडल गौरीगंज-अमेठी के अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपा। पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश सरकार की विद्युत नीतियों पर सवाल उठाते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान जिले सहित पूरे प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बार-बार बिजली बाधित होने से छात्रों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियां और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त बिजली आपूर्ति न होने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा सभी जिलों में निर्बाध एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने की भी मांग उठाई गई। आप पदाधिकारियों ने स्मार्ट मीटर और कथित फर्जी बिलिंग से जुड़ी शिकायतों का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि स्मार्ट मीटरों से संबंधित उपभोक्ताओं की शिकायतों तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि जनता को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके। अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
