अमेठीः महिला परिचालकों ने रोडवेज बसों में संभाली जिम्मेदारी
June 05, 2026
अमेठी। डिपो में पहली बार महिला परिचालकों की तैनाती की गई है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिला परिचालक अब रोडवेज बसों में यात्रियों के टिकट काटने और यात्रा संचालन की जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसे परिवहन निगम में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परिवहन निगम के अन्य डिपो में पहले से महिला परिचालक कार्यरत थीं, लेकिन अमेठी डिपो में यह व्यवस्था पहली बार शुरू हुई है। परिवहन मंत्री के निर्देश पर हुई भर्ती प्रक्रिया के तहत संविदा पर नियुक्त महिला परिचालकों को एक सप्ताह का प्रशिक्षण दिया गया, जिसके बाद उन्हें विभिन्न बसों में तैनात किया गया। महिला कर्मचारियों की सुविधा को देखते हुए फिलहाल उन्हें ऐसी बसों में ड्यूटी दी जा रही है जो सुबह रवाना होकर शाम तक वापस डिपो लौट आती हैं। भर्ती नियमों के अनुसार उनकी तैनाती गृह जनपद में की गई है। गुरुवार दोपहर 12 बजे मिली जानकारी के अनुसार अमेठी डिपो में आशिया बानो, ममता वर्मा, सौम्या सिंह, प्रतिभा पांडेय, प्रतीक्षा सिंह, स्नेहा सिंह, महिमा सिंह और तेजस्वनी सिंह को परिचालक के रूप में नियुक्त किया गया है। ये महिला परिचालक लखनऊ, सुल्तानपुर, गोंडा, प्रयागराज और कानपुर मार्गों पर संचालित बसों में सेवाएं दे रही हैं। अमेठी डिपो के एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि सभी महिला परिचालकों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और भविष्य में महिला चालकों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
