शुकुलबाजार: मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, पीस कमेटी की बैठक आयोजित
June 13, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना शुकुल बाजार परिसर में शनिवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नायब तहसीलदार राहुल सिंह एवं थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए नायब तहसीलदार राहुल सिंह ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा ऐसी जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं।थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी। उन्होंने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा प्रशासनिक निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की।बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने मोहर्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की तथा प्रशासन को आवश्यक सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने सभी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया और कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अंत में अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग मनाने का आह्वान किया है।
