लखनऊ। लखनऊ जिले के बख्शी का तालाब क्षेत्र के शिवपुरी गांव में पत्रकार राममोहन गुप्ता द्वारा आयोजित अखंड रामायण पाठ एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की तथा प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं अखंड रामायण पाठ के दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। रामचरितमानस की चैपाइयों और भगवान श्रीराम के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पाठ में सहभागिता कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। पाठ की पूर्णाहुति के बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सेवा-सत्कार की व्यवस्थाओं की सभी ने सराहना की। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में प्रेम, सौहार्द, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी है।
आयोजक पत्रकार राममोहन गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को जोड़ना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना देखने को मिली, जिससे यह कार्यक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना।
