पीलीभीत। जिले में नौ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इंसानियत को शर्मसार करने वाले इस जघन्य अपराध के बाद पुलिस और प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद उमर के घर पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह जमींदोज कर दिया। बुधवार को हुई इस कार्रवाई ने जहां लोगों में हड़कंप मचा दिया, वहीं मासूम के साथ हुई दरिंदगी को लेकर जनता का आक्रोश भी साफ दिखाई दिया।
बुधवार दोपहर प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचा। एसडीएम अमरिया मयंक गोस्वामी, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों ने पहले भूमि और भवन की पैमाइश कराई। सभी अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद शाम करीब चार बजे बुलडोजर की कार्रवाई शुरू की गई। लगभग ढाई घंटे तक चली इस कार्रवाई में आरोपी का मकान पूरी तरह धराशायी कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों में आरोपी के प्रति भारी आक्रोश था, लेकिन किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और किसी को भी कार्रवाई स्थल के निकट नहीं जाने दिया। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी मोहम्मद उमर अपने पुराने मकान में अकेला रहता था। उसकी पत्नी की पूर्व मृत्यु हो चुकी थी तथा उसके एक पुत्र की भी मौत हो चुकी है। परिवार के अन्य सदस्य पास में बने नए मकान में रह रहे थे। प्रशासन के अनुसार जिस संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया, वह राजस्व अभिलेखों में आरोपी के नाम दर्ज थी और नियमानुसार कार्रवाई की गई।
घटना सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित पिता के अनुसार रविवार को वह अपनी आठ वर्षीय पुत्री के साथ गांव के निकट भिकारीपुर बाजार में खरीदारी करने गया था। बाजार में भीड़भाड़ के बीच बच्ची अचानक लापता हो गई। पहले पिता को लगा कि वह किसी तरह घर पहुंच गई होगी, लेकिन घर पहुंचने पर जब बच्ची नहीं मिली तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। दो दिनों तक परिवार बदहवास हालत में बच्ची को खोजता रहा। मंगलवार को सूचना मिली कि पड़ोसी गांव में एक बच्ची लावारिस अवस्था में मिली है। सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची की पहचान की।
जानकारी के अनुसार मासूम ने परिजनों को जो आपबीती सुनाई, उसे सुनकर हर किसी की रूह कांप उठी। बच्ची ने बताया कि उगनपुर गांव निवासी मोहम्मद उमर ने उसे खाने का सामान दिया था। खाने के बाद वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ ले गया और दो दिनों तक अपने घर में रखा। बच्ची ने अपने साथ गलत काम किए जाने की भी जानकारी दी।
इस खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में गुस्से की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत मेरे लिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया और आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
मासूम बच्ची के साथ हुई इस हैवानियत ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। लोगों का कहना है कि ऐसे दरिंदों के लिए केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि कठोरतम कानूनी सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी मासूम बच्ची इस तरह की दरिंदगी का शिकार न हो।
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान लोगों की निगाहें प्रशासनिक अमले पर टिकी रहीं। ग्रामीणों का कहना था कि मासूम के साथ हुई बर्बरता का दर्द कभी नहीं भुलाया जा सकता, लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई से अपराधियों को कड़ा संदेश जरूर गया है कि बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह घटना एक बार फिर समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक मासूम बच्चियां दरिंदों की हवस का शिकार होती रहेंगी। जनता अब केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि ऐसे अपराधों पर स्थायी और कठोर रोक लगाने की मांग कर रही है।
प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार बुधवार को ग्राम कुरी पहुंचे और दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली तथा कहा कि दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।गांव में पहुंचकर राज्य मंत्री ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने पीड़िता के परिजनों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है तथा परिवार की सुरक्षा और न्याय दिलाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
मंत्री ने पीड़िता के बाबा भीम सिंह से भी भेंट कर उनका हालचाल जाना और उन्हें धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।गांव से लौटते समय खाकरा पुलिस चैकी के निकट उनकी मुलाकात पीड़िता के पिता भूपराम से भी हुई, जो रास्ते से गुजर रहे थे। राज्य मंत्री ने उन्हें रोककर बात की और पूरे मामले में निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही परिवार को हर संभव सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में एक प्रमाण संज्ञान में आया जिसमें यह पता चला की नाबालिक जिसकी उम्र लगभग 9 वर्ष है उसके साथ दूसरे समुदाय के व्यक्ति जिसका नाम मोहम्मद उमर है जिसकी उम्र लगभग 66 साल है यह नाबालिक को बहला फुसलाकर कर ले गया उसके साथ गलत कार्य किया । यह भी जानकारी हुई है कि जो अभियुक्त है और जो वादी पक्ष है वह एक दूसरे को जानते थे और जो अभियुक्त है वह अपनी बकरियों पूर्व में बंटाई पर देने का कार्य करता था। जैसे ही यह जानकारी हुई और पुलिस के द्वारा तत्काल परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 घंटे के कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया-सुकीर्ति माधव-पुलिस अधीक्षक
आरोपी के घर कड़ी कार्रवाई करेंगे, ताकि पुश्तें याद रखें। मेरी विधान सभा क्षेत्र में दूसरे समुदाय के बुजुर्ग शख्स ने आठ साल की बेटी से दुष्कर्म किया है। रात में ही हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पर मामले में ऐसी कड़ी कार्रवाई करेंगे पुश्ते याद रखेंगी। गन्ना राज्यमंत्री ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब इस मामले में कोई बयान नहीं देंगे। जैसे कि गाजियाबाद वाले प्रकरण में कुछ नहीं बोले थे। गन्ना राज्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों को ऐसा सबक सिखाएंगे कि पाकिस्तान में नजर आएंगे। एक सवाल के जवाब में राज्यमंत्री बोले कि सीएम व अधिकारियों से मैं संपर्क में हूं-संजय सिंह गंगवार -गन्ना राज्यमंत्री उत्तर प्रदेश
