अमेठीः लेखपाल पर अपने गांव में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, प्रशासन मौन
June 15, 2026
अमेठी। पीपरपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत राजस्व ग्राम बालीपुर डुडिया में पिछले दो दिन से ग्राम समाज के खाते की जमीनों पर रात दिन दबंगई से अवैध निर्माण चल रहा है। तहसील में भी तैनात एक लेखपाल पर दबंगई से ग्राम समाज की जमीनों पर अवैध निर्माण करने का आरोप है।डी एम के निर्देश के बाद भी शुक्रवार सुबह 11बजे तक राजस्व टीम मौके पर नहीं पहुंची है।बालीपुर डुडिया में गाटा संख्या -796इमारती लकड़ी के जंगल और797चारागाह के रूप में सुरक्षित है। आरोप है कि तहसील के धौरहरा गांव में तैनात लेखपाल विकास तिवारी दबंगई से इस भूमि पर निर्माण कर रहे हैं। गांव वासी चंद्रभूषण तिवारी ने एस डी एम को दी गई शिकायत में कहा है कि विकास तिवारी की ओर से किए जा रहे अवैध निर्माण से उनका निकास पैठार बंद हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि प्रकरण में डी एम ने तहसीलदार को निर्माण रोकते हुए टीम गठित कर मामले की स्थलीय जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं।डी एम के आदेश के बावजूद टीम अभी तक मौके पर नहीं पहुंची है। इस सम्बन्ध में प्रशासन का पक्ष जानने के लिए एस डी एम और तहसीलदार को सीओजी नम्बर पर कई बार फोन किया गया, दोनों अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। क्षेत्रीय लेखपाल बालकृष्ण तिवारी ने बताया कि इस मामले में तहसीलदार की ओर से टीम गठित की गई है।आज मौके पर जाकर मामले को देखेंगे।
