प्रतापगढः जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक सम्पन्न
June 15, 2026
प्रतापगढ़।जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सूचीबद्ध फर्म मेसर्स जेएमसी फर्म एवं मेसर्स पावरमेक द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी। अधिशासी अभियन्ता जल निगम ने बताया कि परियोजनाओं का कार्य विधानसभावार किया जा रहा है, 185 परियोजनायें ऐसी है जिनका कार्य पूर्ण कर लिया गया है जिस पर डीएम ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों को पूर्ण हुये परियोजनाओ की सूची उपलब्ध करा दी जाये जिससे वे गांवांे में जाकर कार्यो की वास्तविक स्थिति देख सके। डीएम ने 590 परियोजनाओ की समीक्षा की जिसमें 47 कार्य अनारम्भ पाये गये और अन्य परियोजनाओ के कार्यो के बारे में विस्तृत समीक्षा करते हुये अधिशासी अभियन्ता जल निगम को निर्देशित किया कि परियोजनाओ को पूर्ण करने की जो समय सीमा निर्धारित की गयी है उसके अन्तर्गत परियोजनाओं का कार्य पूर्ण किया जाये और परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद गुणवत्ता की जांच की जाये और जहां पर खारे पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है ऐसे स्थलों को चिन्हित कर बगल की ग्राम पंचायतों में संयोजन किया जाये। बैठक के दौरान जिन परियोजनाओं में विद्युत कनेक्शन नहीं है उनके सम्बन्ध में सम्बन्धित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ताओं से समीक्षा कर निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अन्दर विद्युत कनेक्शन का कार्य पूर्ण कर लिया जाये। पूर्ण परियोजनाओ को कटेगरी वार चिन्हित कर ले, जिन परियोजनाओं में बजट की उपलब्धता नहीं है उसके लिये शासन को पत्र भेजकर बजट हेतु आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, अधिशासी अभियंता जल निगम तौसीफ अहमद सहित समिति के सदस्य व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
