आंतों के लिए फायदेमंद हैं किशमिश, जानिए क्यों रोजाना खाने की सलाह देते हैं डॉक्टर
June 30, 2026
मेवा में खट्टे मीठे स्वाद वाली किशमिश बड़ों और बच्चों सभी को पसंद आती हैं। ज्यादातर घरों में किशमिश मिल जाएगी। मिठाई से लेकर नमकीन और कई तरह के व्यंजन में किशमिश का इस्तेमाल किया जाता है। किशमिश सूखे अंगूर से बनती हैं और इसमें नेचुरल शुगर काफी ज्यादा होती है। हालांकि किशमिश के फायदे अनेक हैं। किशमिश सिर्फ स्वाद तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि ये पोषक तत्वों का भंडार हैं।
ISIC मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और हेपेटोलॉजिस्ट डॉक्टर शुभम वत्स्या ने 26 जून को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया है कि किशमिश कैसे आंत के लिए फायदेमंद हैं और हर दिन किशमिश क्यों खानी चाहिए।
रोजाना किशमिश खाने का सबसे बड़ा फायदा है कि यह मल त्याग में मददगार होती हैं। ये प्लांट बेस्ड फूड फाइबर से भरपूर होता है, जो आंतों का पानी बनाए रखने में मदद करता है और खाने को आंतों से आसानी से गुजरने में मदद करता है।
किशमिश में मौजूद रासायनिक यौगिक सॉर्बिटोल इस प्रक्रिया में सहायक होता है। यह एक प्रकार का कार्बोहाइड्रेट है जो शुगर अल्कोहल के अंदर आता है और कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है। अगर लोग रोजाना नियमित रूप से किशमिश खाते हैं तो कब्ज से पीड़ित आधी आबादी ठीक हो जाएगी। किशमिश आंतों में पानी का संतुलन नेचुरली सुधारती हैं। किशमिश में मौजूद सॉर्बिटोल आंतों को मल में नमी बनाए रखने का संकेत देता है। किशमिश में मौजूद फाइबर भी मल को नरम और आसानी से निकलने वाला बनाता है। इसलिए रोजाना किशमिश खाने से मल त्याग में आसानी होती है।
