अमेठीः जल जीवन मिशन की बड़ी लापरवाही! घरों तक नहीं पहुंचा पानी, सड़कों पर बहा लाखों लीटर
June 10, 2026
अमेठी। केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत लोगों को हर घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है, लेकिन अमेठी नगर के गायत्री नगर मोहल्ले में योजना की हकीकत कुछ और ही नजर आई। मोहल्ले में लगभग दो वर्ष पूर्व बिछाई गई पाइपलाइन से पहली बार पानी की आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन पानी लोगों के घरों तक पहुंचने के बजाय सड़कों पर बहने लगा। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया और बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बहता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर क्षेत्र में कई परिवार पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के कारण लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब पाइपलाइन बिछाने में करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं तो आपूर्ति शुरू करने से पहले उसका समुचित परीक्षण और निरीक्षण क्यों नहीं किया गया। मोहल्लेवासियों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल रिसाव की समस्या दूर कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो जल संकट और गंभीर हो सकता है। अब देखना यह होगा कि जल जीवन मिशन के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर कब तक समाधान सुनिश्चित करते हैं और पानी की बर्बादी पर रोक लगाते हैं।
