गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बड़ा हादसा, सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरी कार
June 17, 2026
गुरुग्राम में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के निर्माण में बरती जा रही लापरवारी एक बार फिर बड़े और दर्दनाक हादसे का कारण बन गई। दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाले द्वारका एक्सप्रेसवे के पास सराय अलावर्दी रोड पर एक तेज रफ्तार कार 60 MM सीवर लाइन के लिए खोदे जा रहे एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस भयानक हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक की हालात नाजुक बनी हुई है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार की रात को हुआ। सराय अलावर्दी रोड पर प्रशासन द्वारा 600 एमएम की मुख्य सीवर लाइन बिछाने का काम जारी है, इसके चलते गड्ढा अभी खुला ही छूटा हुआ है। स्थानीय लोगों की मानें तो निर्माणाधीन जगह के पास न ही बैरिकेडिंग की गई है और ना ही रात के समय वाहनों को अलर्ट करने के लिए किसी तरह के रिफ्लेक्टर का इस्तेमाल किया है। इसी लापरवाही के चलते रविवार रात को एक तेज रफ्तार कार इस गड्ढे में जा गिरी थी।
हादसा होने के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक की जान बचाई। कार का इंजन और अगला हिस्सा गड्ढे में बने एक ढांचे में चिपक गया था। आस-पास के लोगों और राहगीरों ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए थोड़ी मशक्कत करने के बाद घायल चालक को कार से बाहर निकालने का काम किया। इसके बाद पीड़ित चालक को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चालक का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार अभी चालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे की तस्वीर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह दुर्घटना साधारण नहीं थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसा हादसा भविष्य में न हो इसलिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। अगर चालकों की सुविधा के लिए सही बंदोबस्त नहीं करवाए गए तो ऐसे हादसे भविष्य में भी हो सकते हैं।
