Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

उज्जैन महाकाल मंदिर में हंगामा, माथे पर त्रिपुंड लगाए लाइन में लगा मुस्लिम युवक, बजरंग दल ने की जमकर पिटाई


उज्जैन से एक नया मामला सामने आया है, जहां कई लोगों ने एक युवक को बुरी तरह पीट दिया है। ये मामला महाकालेश्वर मंदिर का है, जहां भस्म आरती दौरान एक शख्स की पिटाई शुरू हो गई। एक मुस्लिम युवक मंदिर में दर्शन के लिए कतार में लगा था, जिसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित निकाला। घटना 16 और 17 जून की दरमियानी रात 2 बजे का है। अब ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पूरा मामला भी अब सामने आ गया है।

बताया जा रहा है कि पुणे के पिंपरी इलाके का रहने वाला 26 वर्षीय सरफराज शेख एक हिंदू युवती के साथ उज्जैन दर्शन के लिए आया था। रात करीब 2 बजे दोनों महाकाल मंदिर की चलित भस्मारती में शामिल होने के लिए हरसिद्धि चौराहे के पास कतार में लगे थे। युवक के माथे पर 'महाकाल' का नाम लिखा हुआ था। उसने चंदन का त्रिपुंड भी लगा रखा था। कतार में खड़े होने के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को युवक पर संदेह हुआ। उन्होंने उसका पहचान पत्र चेक किया तो उसके मुस्लिम होने की बात सामने आई। पहचान उजागर होते ही वहां मौजूद कुछ लोग भड़क गए। हंगामा शुरू हो गया।

देखते ही देखते युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक लगातार खुद को छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। इस हंगामे के कारण कतार में लगे अन्य श्रद्धालुओं के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडियो पर डाल दिया। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने कहा- युवक को सुरक्षित लाकर उससे पूरी घटना की पूछताछ की गई है। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। एहतियात के तौर पर युवक और युवती, दोनों के परिजनों को उज्जैन बुलाया गया है। लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |