लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे जन चैपाल अभियान के तहत मंगलवार को जोन-8 के हिन्द नगर वार्ड में एक बैठक आयोजित की गई। महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुई इस चैपाल में स्थानीय पार्षदों और नगर निगम व जलकल के आला अधिकारियों की मौजूदगी में नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। नागरिकों ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में लापरवाही और नालियों की सफाई न होने की शिकायत की। महापौर ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। पिछले कुछ दिनों से बाधित जलापूर्ति और चोक सीवर की समस्या पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने जलकल विभाग को तत्काल और समयबद्ध समाधान करने को कहा। क्षतिग्रस्त सड़कों और उखड़ी टाइल्स की शिकायत पर महापौर ने बताया कि टेंडर हो चुके हैं और काम जारी है। उन्होंने लेकचरी करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। आवारा कुत्तों और बंदरों के आतंक पर उन्होंने वन विभाग से समन्वय बनाने तथा बंगला बाजार में लगने वाले जाम से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। पार्कों के रखरखाव के लिए उद्यान विभाग को और वेंडिंग जोन के काम में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
चैपाल के दौरान ब्लॉक-डी के निवासियों ने क्षेत्र की बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम के प्रयासों की सराहना भी की। महापौर ने कहा कि जन चैपाल का मकसद जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को खत्म करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जन चैपाल में आईं सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए।
