अमेठीः डीएम व एसपी ने की संयुक्त पीस कमेटी की बैठक
June 17, 2026
अमेठी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चैहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने कल कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरुओं एवं जनपद के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ संयुक्त पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी सद्भाव एवं शांति का संदेश देता है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की कि वे आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा ऐसी सूचनाओं को तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाएं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें तथा धर्मगुरुओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों से पूर्व वर्षों में ताजिया जुलूस निकाले जाते रहे हैं, उन्हीं निर्धारित मार्गों का पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी आयोजकों एवं धर्मगुरुओं से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
