Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः आम के बाग में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी गुत्थी


भाई ने साढ़ू पर लगाया हत्या का आरोप, इलाके में प्रेम प्रसंग और आत्मग्लानि में आत्महत्या की चर्चाय पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस

पीलीभीत। जनपद के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बाग में पेड़ से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मृतक के भाई ने साढ़ू पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि स्थानीय स्तर पर प्रेम प्रसंग और आत्मग्लानि के चलते आत्महत्या किए जाने की चर्चा भी जोरों पर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम संतोषपुर निवासी होरीलाल (38) रुद्रपुर में नौकरी करता था। बताया जाता है कि वह बुधवार को ही अपने घर वापस लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जनकपुरी स्थित अपनी पत्नी हीरा काली के मायके गया, जहां उसने पत्नी और अपने दोनों बच्चों साधना तथा हरीश से मुलाकात की। देर रात वह वापस अपने गांव संतोषपुर लौट आया।

बताया जाता है कि होरीलाल का साढ़ू ढाकन लाल भी संतोषपुर गांव में ही रहता है। आरोप है कि बुधवार रात होरीलाल संदिग्ध परिस्थितियों में अपने साढ़ू के घर पहुंच गया, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान होरीलाल छत से टीनशेड पर कूद गया, जिससे उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद वह घायल अवस्था में गांव के बाहर रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गया।

मृतक के भतीजे ने होरीलाल को रेलवे ट्रैक पर पड़ा देखा तो उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे उठाकर पास ही स्थित एक आम के बाग में ले गए और वहीं छोड़ आए। गुरुवार सुबह जब परिजन दोबारा बाग में पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। होरीलाल का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई पूरनलाल ने होरीलाल के साढ़ू ढाकन लाल पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि होरीलाल की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा है कि किसी निजी तनाव, प्रेम प्रसंग अथवा आत्मग्लानि के चलते होरीलाल ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि अभी तक इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।इस घटना ने गांव और आसपास के इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां युवक के पहले घायल होने, रेलवे ट्रैक तक पहुंचने और फिर आम के बाग में शव मिलने की पूरी कड़ी संदेह पैदा कर रही है, वहीं परिजनों के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सके कि होरीलाल की मौत आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |