- आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनाने और हर ग्राम पंचायत से 10 युवाओं को स्वरोजगार ऋण दिलाने के निर्देश
पीलीभीत। मरौरी ब्लॉक सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में ग्राम प्रधान प्रशासकों, बीडीसी सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, आवास योजनाओं, आयुष्मान कार्ड, प्राकृतिक खेती और ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से नाम कटने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो पात्र व्यक्ति योजना में शामिल नहीं हो सके हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभान्वित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्राम प्रधान प्रशासकों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों की विकास कार्ययोजनाएं शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि ब्लॉक स्तर पर उनकी समीक्षा कर स्वीकृति प्रदान की जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने गांव को आदर्श गांव बनाने में भागीदारी निभाए। उन्होंने ग्राम स्तर पर छोटे-मोटे विवाद आपसी समन्वय और समझौते के आधार पर निपटाने, नियमित चैपाल आयोजित करने तथा चैपालों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही गांवों में जन-जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा आवश्यकता पड़ने पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने इसके लाभों की जानकारी दी और कहा कि टिकाऊ कृषि पद्धतियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए।रोजगार के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम 10 युवाओं और युवतियों को मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाए। बैठक में कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए बताया कि जनपद को 1787 आवासों का लक्ष्य मिला है, जबकि अब तक केवल 890 पात्र लाभार्थियों की सूची प्राप्त हुई है। उन्होंने पात्र परिवारों से अपील की कि वे ग्राम पंचायत सचिव या खंड विकास अधिकारी से संपर्क कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायतों में श्मशान भवनों के निर्माण तथा जर्जर पंचायत भवनों की मरम्मत और सुधार कार्य कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा ने कहा कि चैपालों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जानी चाहिए, ताकि पात्र लोगों को पूरा लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी मरौरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान प्रशासक और बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।
