पीलीभीत। सिख धर्म के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव महाराज के शहीदी पावन पर्व की स्मृति में बुधवार को आसाम रोड स्थित धन्ना भगत गुरुद्वारा परिसर में सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। नेकी की दीवार सामाजिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विशाल मेडिकल कैंप, आयुष्मान कार्ड शिविर, पौधारोपण अभियान तथा मीठे जल की सेवा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, आम नागरिकों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम धन्ना भगत गुरुद्वारा के संत बाबा बलकार सिंह जी महापुरुष एवं जत्थेदार बाबा सुखदेव जी के मार्गदर्शन और अगुवाई में संपन्न हुआ। इस अवसर पर राममूर्ति स्मारक अस्पताल, बरेली के चिकित्सकों की टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। मेडिकल कैंप में विभिन्न बीमारियों की जांच कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पीलीभीत के सहयोग से आयुष्मान भारत कार्ड शिविर भी लगाया गया, जहां पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में हजारों लोगों ने पहुंचकर सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ उठाया और भविष्य में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अपना पंजीकरण कराया।कार्यक्रम के दौरान सिख समाज द्वारा श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए मीठे जल की सेवा भी की गई। भीषण गर्मी के बीच इस सेवा की लोगों ने सराहना की। गुरुद्वारा परिसर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को शीतल जल उपलब्ध कराया गया।
शहीदी पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। लोगों को प्रसाद स्वरूप पौधे वितरित किए गए तथा उन्हें अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने गुरु अर्जुन देव जी महाराज के जीवन और उनके महान बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने मानवता, समानता, सेवा और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाकर मानवता को नई दिशा प्रदान की। उनका शहीदी दिवस आज भी लोगों को सत्य, त्याग, सेवा और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने नेकी की दीवार सामाजिक संस्था द्वारा किए जा रहे जनहित एवं समाजसेवा के कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने के लिए संस्था को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर पूरनपुर क्षेत्र के विधायक बाबूराम पासवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गुरुद्वारा परिसर में आयोजित भव्य समागम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर गुरु अर्जुन देव जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।आयोजकों ने बताया कि नेकी की दीवार सामाजिक संस्था भविष्य में भी जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम का समापन अरदास एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना के साथ हुआ।
