Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

भीषण हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली ने ई रिक्शा को मारी टक्कर, 6 महिलाओं की मौत


उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से भीषण हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी जिस कारण ई रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। बदायूं जिले में हुए इस भीषण हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं, हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है।

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, हादसे की ये पूरी घटना उझानी कोतवाली क्षेत्र के मथुरा बरेली हाईवे की है। पता चला है कि सभी लोग शादी समारोह के लिए भात मांगने ई रिक्शा से जा रहे थे। इसी दौरान एक मक्के से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दौरान ई रिक्शा में कुल 9 यात्री सवार थे जिनमें 6 महिलाएं भी थीं। उन सभी छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ई रिक्शा में बैठे दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हादसे ने एक परिवार में हो रही शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दरअसल, कछला के मुरावन नगला गांव के रहने वाले डालचंद के बेटे की शादी थी जिनके घर की महिलाएं ई रिक्शा से भात मांगने उझानी के गठौना गांव ई-रिक्शा से जा रही थीं। ई-रिक्शा में कुल नौ लोग सवार थे जिसमें डालचंद, ड्राइवर सनी और मुकेश और बाकी 6 महिलाएं बैठी हुई थीं। जैसे ही ई रिक्शा सिक्स लेन बरेली आगरा हाईवे पर पहुची जो कि निर्माणाधीन है और सिर्फ एक लेने ही चालू है, तभी कासगंज से मक्का भरकर ट्रैक्टर ट्राली से उझानी मंडी में बेचने आ रहे ट्रैक्टर चालक ने ई रिक्शा में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ई रिक्शा बुरी तरह तहस-नहस हो गया जिसमें सवार 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी को बदायूं मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया जबकि दो गंभीर घायलों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इस हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन के आलाअधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली और 6 महिलाओं की मौत की पुष्टि की। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने एक कमेटी गठित की है जो हादसे की जांच करेगी। कमेटी एडीएम, एआरटीओ और एसपी सिटी की अध्यक्षता में बनाई गई है जो हादसे की कारणों की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |