Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रूस ने यूक्रेन पर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, कीव में सदियों पुराने धार्मिक स्थल में लगी भीषण आग, खारकीव में 5 की मौत


रूस और यूक्रेन युद्ध अभी भी चल रहा है। रूस ने सोमवार को यूक्रेन पर कई बड़े हमले किए। रूस के हमले में खारकीव में 5 बचावकर्मियों की मौत हो गई। राजधानी कीव में कम से कम 13 लोग घायल हो गए। इन हमलों से कई इमारतों और देश के सबसे अहम धार्मिक स्थलों में से एक में भीषण आग लग गई।

गृह मंत्री इहोर क्लिमेनको ने बताया कि खारकीव में बचावकर्मी रूस के एक हमले से लगी आग बुझा रहे थे कि तभी दूसरा हमला हुआ जिसमें वे मारे गए। उन्होंने बताया कि कम से कम पांच अन्य आपातकालीन कर्मी भी घायल हो गए हैं।

कीव में पहले बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार हुई और उसके बाद 'शाहिद' ड्रोन से हमले किए गए, जिसके कारण हुए जबरदस्त धमाकों की आवाज पूरे शहर में सुनी गयी। इस दौरान कई लोगों ने बंकरों में शरण ली, वहीं अधिकारियों ने निवासियों से सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की।

क्लिमेनको ने कहा, 'कीव पर मुख्य हमला हुआ है। बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।' कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख टिमुर त्काचेंको ने बताया कि राजधानी में एक बच्चे समेत 13 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि शेवचेंकिव्स्की जिले में 30 मिनट से भी कम समय में 5 हमले हुए जिनमें 25 मंजिला आवासीय इमारत भी चपेट में आ गई जबकि एक बाजार और किराना दुकान में आग लग गई। वहीं, ओबोलोन्स्की जिले में 9 मंजिला रिहायशी इमारत भी हमले की चपेट में आ गई।

त्काचेंको ने रूस पर जानबूझकर आवासीय इमारतों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'यह उसका (रूस का) सोचा-समझा और जानबूझकर लिया गया फैसला है।' यूक्रेन के ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख मेट्रोपॉलिटन एपिफेनियस ने बताया कि रात भर हुए हमले में 'डॉर्मिशन कैथेड्रल' की छत में आग लग गई। उन्होंने इस हमले की निंदा करते हुए इसे 'इंसानियत, इतिहास और ईसाई धर्म के खिलाफ' रूस का एक और अपराध बताया और इस जगह को बचाने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |