मुंगेर गंगा घाट पर दर्दनाक हादसा, स्नान के दौरान 5 बच्चियां डूबीं, 4 सगी बहनें शामिल
June 24, 2026
मुंगेर में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के बकचपरा गंगा घाट पर गंगा स्नान करने गई पांच किशोरियां तेज धारा में डूब गईं। इनमें चार सगी बहनें भी शामिल हैं। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों के बीच चीख-पुकार और मातम का माहौल है। घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। एसडीआरएफ, गोताखोर और पुलिस की टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। दो किशोरी का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी तीन की तलाश जारी है।
मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित बकचपरा गंगा घाट पर बुधवार की सुबह उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब पांच किशोरियां अपने घर से गंगा स्नान करने और गंगाजल भरने घाट पहुंचीं। स्नान के दौरान सभी किशोरियां गंगा की तेज धारा और गहरे पानी की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते डूबने लगीं। डूबने वाली किशोरियों में बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की चार पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी शामिल हैं। वहीं, पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी भी हादसे का शिकार हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल वासुदेवपुर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मौके पर एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद संगीता कुमारी को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दो किशोरी का शव बरामद कर लिया गया है, वहीं बाकी तीन किशोरियों की तलाश के लिए गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
एसडीआरएफ की टीम नाव और गोताखोरों की मदद से गंगा के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन कर रही है। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। एसडीआरएफ की टीम लगातार लापता किशोरियों की तलाश में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मुंगेर के बकचपरा गंगा घाट पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
